अल्मोड़ा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के 10 फरवरी को अल्मोड़ा जिला मुख्यालय के दौरे को लेकर प्रशासन स्तर पर तैयारियां जारी हैं। डीएम विनीत तोमर ने टीम के साथ मंगलवार को सीएम के दौरे के तहत आने वाले स्थलों का मौका मुआयना कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने सीएम को दौरे के लिए सभी इंतजाम समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। सीएम धामी मुख्य तौर पर आजीविका महोत्सव-03 में बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग करेंगे।
डीएम की अगुवाई में टीम ने सर्वप्रथम आर्मी हैलीपैड पहुॅचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके बाद पलटन बाजार से लाला बाजार से शिखर तिराहे तक पैदल स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान डीएम ने बिजली विभाग के ईई को बाजार क्षेत्र में झूल रहे तारों को जल्द ठीक करने के निर्देश दिए। केबल नेटवर्क के तारों को ठीक करने के लिए एसडीएम को निर्देशित किया। वहीं ईओ नगर पालिका को शहर में विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए। आवारा पशुओं को भी शहर से हटाने के भी निर्देश दिए। इसके बाद टीम कार्यक्रम स्थल हवालबाग पहुंची। जहां विभागीय स्टॉल लगाये जाने वाले स्थान का निरीक्षण किया। उन्होंने बनाये जा रहे मंच व आने वाले लोगों व जनप्रतिनिधियों के बैठने की व्यवस्था का जायजा लिया। संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियों को समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसएसपी देंवेंद्र पींचा ने मातहतों को निर्देशित किया। मुख्य तौर पर यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। इस अवसर पर सीडीओ आकांक्षा कोंडे एसडीएम सदर जयवर्धन शर्मा सीओ विमल प्रसाद परियोजना निदेशक पुष्पेंद्र सिंह डीडीओ संतोष पंत ईओ भरत त्रिपाठी जिपं के जगदीश प्रसाद कोतवाल अल्मोड़ा जगदीश चंद्र देउपा आदि अधिकारी मौजूद रहे।


Chief Editor, Aaj Khabar
