Headlines

Udham Singh nagar: जमीन विवाद में भाई ने भाई को मारी गोली, ऊधम सिंह नगर में सनसनीखेज हत्या से दहशत

Haldwani News
शेयर करे-

Udham singh nagar: उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले में जमीनी विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया, जब एक भाई ने अपने ही भाई की गोली मारकर हत्या कर दी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, गदरपुर थाना क्षेत्र के बकेनिया सकेनिया गांव निवासी 60 वर्षीय सर्वेश्वर सिंह, पुत्र स्वर्गीय रामचंद्र सिंह, का अपने ही घर की जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि बीती देर रात यह विवाद अचानक हिंसक हो गया और आरोप है कि उनके भाई सर्वजीत सिंह ने उन्हें गोली मार दी।

गोली लगने से सर्वेश्वर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही गदरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए रुद्रपुर पोस्टमॉर्टम हाउस भेज दिया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों की विस्तृत पुष्टि हो सकेगी।

गदरपुर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार पाठक के अनुसार, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में मामला जमीन विवाद से जुड़ा पाया गया है। पुलिस परिवार की तहरीर और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

घटना के बाद गांव में भय और शोक का माहौल है, जबकि ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द न्याय दिलाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *