Headlines

Dehradun: उत्तराखंड साहित्य गौरव समारोह में सीएम धामी का बड़ा ऐलान, ‘साहित्य ग्राम’ स्थापित कर लेखकों को मिलेगा नया मंच

Dehradun: उत्तराखंड साहित्य गौरव समारोह में सीएम धामी का बड़ा ऐलान, ‘साहित्य ग्राम’ स्थापित कर लेखकों को मिलेगा नया मंच
शेयर करे-

Dehradun: देहरादून में आयोजित उत्तराखंड साहित्य गौरव सम्मान समारोह-2025 में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के साहित्यकारों को सम्मानित करते हुए साहित्य और संस्कृति के संरक्षण को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इस अवसर पर उत्तराखंड के सर्वोच्च साहित्यिक सम्मान “उत्तराखंड साहित्य भूषण सम्मान” से डॉ. जितेन ठाकुर को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान डॉ. बुद्धिनाथ मिश्र, श्याम सिंह कुटौला, डॉ. प्रीतम सिंह, केसर सिंह राय और अताए साबिर अफजल मंगलौरी को “दीर्घकालीन उत्कृष्ट साहित्य सृजन पुरस्कार” से सम्मानित किया गया। इसके अलावा विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट योगदान देने वाले साहित्यकारों एवं “युवा कलमकार प्रतियोगिता” के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि साहित्यकार समाज के मार्गदर्शक और प्रेरक होते हैं, जो अपनी रचनाओं के माध्यम से समाज को दिशा देते हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की भूमि सदियों से साहित्य और संस्कृति की धरोहर रही है, जहां सुमित्रानंदन पंत, गौरा पंत शिवानी, मोहन उप्रेती और शैलेश मटियानी जैसे महान साहित्यकारों ने अपनी अमिट छाप छोड़ी है।

सीएम धामी ने घोषणा की कि राज्य में दो आधुनिक “साहित्य ग्राम” स्थापित किए जाएंगे, जहां साहित्यकारों को रचनात्मक कार्य के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही युवा लेखकों को प्रोत्साहित करने के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म और साहित्यिक प्रतियोगिताओं को बढ़ावा दिया जा रहा है।

उन्होंने यह भी कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की सांस्कृतिक विरासत को नया सम्मान मिल रहा है और राज्य सरकार भी इसी दिशा में कार्य करते हुए उत्तराखंड की साहित्यिक धरोहर के संरक्षण और संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, खजान दास और विधायक सविता कपूर सहित बड़ी संख्या में साहित्यकार, लेखक और बुद्धिजीवी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *