Headlines

Haldwani: हल्द्वानी में गैस कालाबाजारी का भंडाफोड़, आयुक्त के सख्त आदेश पर इंडेन कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज

Haldwani: हल्द्वानी में गैस कालाबाजारी का भंडाफोड़, आयुक्त के सख्त आदेश पर इंडेन कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज
शेयर करे-

Haldwani: पश्चिम एशिया में बने युद्ध जैसे हालातों के चलते उत्पन्न गैस संकट के बीच नैनीताल जिला प्रशासन जहां उपभोक्ताओं को सुचारू और पारदर्शी गैस वितरण सुनिश्चित करने में जुटा है, वहीं कुछ कर्मचारियों द्वारा कालाबाजारी और घटतौली जैसे कृत्यों से व्यवस्था को प्रभावित करने की कोशिश सामने आई है।

सोमवार को कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत को सूचना मिली कि हल्द्वानी के डहरिया क्षेत्र में महेंद्र फोटो स्टूडियो के पास इंडेन गैस सिलेंडरों का वितरण किया जा रहा है। मौके पर पहुंची जानकारी के अनुसार गैस बांट रहे कर्मियों ने 10 भरे सिलेंडर वहीं छोड़ दिए और बिना खाली सिलेंडर लिए ही मौके से चले गए, जिससे संदेह और गहरा गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए आयुक्त ने संबंधित ठेकेदार और कर्मचारियों को तलब कर पूछताछ की, लेकिन कोई भी 10 भरे सिलेंडर एक साथ छोड़ने का संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। प्रथम दृष्टया कालाबाजारी की आशंका को देखते हुए आयुक्त दीपक रावत ने केएमवीएन के महाप्रबंधक को आउटसोर्स कर्मचारी संदीप, प्रेमपाल सिंह ठाकुर और प्रमोद चौहान के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए हैं।

आयुक्त ने साफ शब्दों में कहा कि गैस वितरण व्यवस्था से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कालाबाजारी और घटतौली की शिकायतों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि आम उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

साथ ही उन्होंने केएमवीएन और संबंधित गैस एजेंसी के अधिकारियों को औचक निरीक्षण बढ़ाने और वितरण प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *