Bhimtal: भीमताल विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत चाफी से मटियाल–पदमपुरी–धारी मोटर मार्ग के लंबे समय से जर्जर होने के कारण स्थानीय ग्रामीणों, किसानों और पर्यटकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। इस महत्वपूर्ण मार्ग से पूरे कुमाऊं क्षेत्र का आवागमन जुड़ा होने के चलते इसकी स्थिति सुधारने की मांग लगातार उठ रही थी।
जनता की मांग को गंभीरता से लेते हुए कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने लोक निर्माण विभाग को डीपीआर तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए थे। इसके बाद मुख्यमंत्री से विशेष आग्रह कर इस मार्ग के डामरीकरण हेतु 9 करोड़ 35 लाख रुपये की स्वीकृति दिलाई गई।
स्वीकृति मिलने के बाद मंत्री कैड़ा ने विधिवत डामरीकरण एवं सुधारीकरण कार्य का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्य गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूर्ण किया जाए, ताकि क्षेत्रीय जनता को जल्द राहत मिल सके।
कैबिनेट मंत्री बनने के बाद पहली बार छतोला, भटेलिया, पदमपुरी, अक्सोडा और कसियालेख गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने उनका फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया। क्षेत्रवासियों ने वर्षों पुरानी मांग पूरी होने पर मंत्री का आभार व्यक्त किया।
मंत्री कैड़ा ने कहा कि भीमताल विधानसभा के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉकों में क्षतिग्रस्त सड़कों के डामरीकरण का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और बिजली जैसी मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास जारी रहेंगे।
इस दौरान ब्लॉक प्रमुख भावना आर्या, जिला पंचायत सदस्य रेखा देवी, मंडल अध्यक्ष कृष्ण चंद्र सहित कई जनप्रतिनिधि और सैकड़ों स्थानीय लोग मौजूद रहे।


Chief Editor, Aaj Khabar
