Nainital: आगामी पर्यटन सीजन में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भारी भीड़ को देखते हुए उत्तराखंड पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) डॉ. वी. मुरुगेशन ने प्रसिद्ध कैंची धाम का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एडीजी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीजन शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त कर ली जाएं, ताकि स्थानीय लोगों और बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने विशेष रूप से ट्रैफिक प्रबंधन पर जोर देते हुए एक व्यापक योजना तैयार करने के निर्देश दिए। ‘नो पार्किंग ज़ोन’ को प्रभावी ढंग से लागू करने और जाम की स्थिति से बचने के लिए पुख्ता इंतजाम करने को कहा गया। साथ ही चिन्हित पार्किंग स्थलों पर पेयजल, शौचालय और साइनबोर्ड जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
कैंची धाम में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पार्किंग स्थलों से मंदिर तक शटल सेवा को और अधिक सुदृढ़ और व्यवस्थित बनाने के निर्देश दिए गए, जिससे मुख्य सड़क पर वाहनों का दबाव कम किया जा सके। इसके अलावा निर्माणाधीन पार्किंग और बाईपास मार्ग के कार्य को समय पर पूरा कराने के लिए भी संबंधित विभागों को समन्वय के निर्देश दिए गए।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एडीजी ने मंदिर परिसर और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में आधुनिक तकनीक से लैस सीसीटीवी कैमरों की निगरानी बढ़ाने और प्रभावी पब्लिक एड्रेस सिस्टम स्थापित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र, सीओ भवाली रविकांत सेमवाल, प्रभारी निरीक्षक प्रकाश सिंह मेहरा और यातायात निरीक्षक महेश चंद्रा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar
