Headlines

Bageshwar: बागेश्वर में होटल से 104 जिलेटिन छड़ें बरामद, 15 साल से छिपाकर रखे विस्फोटक के साथ आरोपी गिरफ्तार

Bageshwar: बागेश्वर में होटल से 104 जिलेटिन छड़ें बरामद, 15 साल से छिपाकर रखे विस्फोटक के साथ आरोपी गिरफ्तार
शेयर करे-

Bageshwar: जनपद में पुलिस के सत्यापन अभियान के दौरान कपकोट पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। शामा क्षेत्र के लीली तिराहे पर स्थित एक होटल से पुलिस ने 104 जिलेटिन (विस्फोटक) छड़ें बरामद कर होटल स्वामी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा ने पुलिस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि नियमित चेकिंग अभियान के तहत चौकी शामा प्रभारी सुमित कुमार अपनी टीम के साथ क्षेत्र में होटलों और होमस्टे की जांच कर रहे थे। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधि के आधार पर एक होटल की तलाशी ली गई, जहां काउंटर के नीचे रखे कट्टे से 104 बेलनाकार विस्फोटक छड़ें बरामद हुईं, जिन पर ‘RAJ GEL 90’ अंकित था।

पुलिस ने मौके से होटल स्वामी पान सिंह (52 वर्ष) पुत्र उमेद सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी ने बताया कि वर्ष 2010-11 में क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्य के दौरान ठेकेदार द्वारा उपयोग की गई विस्फोटक सामग्री के बारूद गोदाम की देखरेख वह करता था। कार्य पूरा होने के बाद बची हुई कुछ छड़ों को उसने अपने पास रख लिया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने ऊधमसिंह नगर से बम निरोधक दस्ता (BDS) और स्निफर डॉग ‘मौली’ को मौके पर बुलाया। जांच में पुष्टि हुई कि बरामद सामग्री विस्फोटक है, जिसे सुरक्षित स्थान पर नष्ट करना आवश्यक है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी के खिलाफ थाना कपकोट में विस्फोटक पदार्थ अधिनियम 1908 की धारा 5 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 288 के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। बरामद विस्फोटक सामग्री को सील कर सुरक्षित स्थान पर रखवा दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *