Haldwani: नैनीताल पुलिस ने आईपीएल मैचों के दौरान चल रही अवैध सट्टेबाजी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर दो सट्टेबाजों को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
कालाढूंगी क्षेत्र में पुलिस टीम ने चेकिंग अभियान के दौरान खेल मैदान के पास अफाक अहमद (32 वर्ष) को आईपीएल मैच पर सट्टा लगाते हुए रंगे हाथों दबोच लिया। आरोपी के पास से 5,150 रुपये नकद, सट्टा पर्चियां, पेन और गत्ता बरामद किया गया। इस मामले में कोतवाली कालाढूंगी में जुआ अधिनियम की धारा 13 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
यह कार्रवाई एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, सीओ सुमित पांडे के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार सैनी के नेतृत्व में की गई। गिरफ्तारी टीम में अपर उपनिरीक्षक लेखराज कम्बोज सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
वहीं दूसरी ओर हल्द्वानी पुलिस ने भी गोला गेट से राजपुरा क्षेत्र में चेकिंग के दौरान रवि नामक व्यक्ति को सट्टा लगाते हुए गिरफ्तार किया। उसके पास से 1,270 रुपये नकद, सट्टा पर्चियां, डायरी और पेन बरामद हुए। आरोपी के खिलाफ थाना हल्द्वानी में जुआ अधिनियम की धारा 13 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
यह कार्रवाई सीओ अमित कुमार के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में की गई, जिसमें उपनिरीक्षक कृष्णा गिरी और कांस्टेबल सुभाष राणा शामिल रहे।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आईपीएल के दौरान सट्टेबाजी करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Chief Editor, Aaj Khabar
