Headlines

Dehradun: देहरादून मसूरी रोड पर रोड रेज की सनसनी, स्कॉर्पियो सवारों की टायर फायरिंग में मॉर्निंग वॉकर की मौत, फरार आरोपियों की तलाश तेज

Dehradun: देहरादून मसूरी रोड पर रोड रेज की सनसनी, स्कॉर्पियो सवारों की टायर फायरिंग में मॉर्निंग वॉकर की मौत, फरार आरोपियों की तलाश तेज
शेयर करे-

Dehradun: देहरादून में सोमवार सुबह एक मामूली ओवरटेकिंग विवाद ने भयावह रूप ले लिया, जब दो कार सवारों के बीच हुए झगड़े के दौरान की गई फायरिंग में एक निर्दोष व्यक्ति की जान चली गई। घटना ने क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह करीब 6:50 बजे कंट्रोल रूम को जोहड़ी गांव क्षेत्र में फायरिंग की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और तत्काल वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी), एसपी सिटी समेत राजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची।

Dehradun
एसएसपी देहरादून घटनास्थल पर जांच करते हुए

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मसूरी रोड स्थित मालसी के पास एक दिल्ली नंबर की फॉर्च्यूनर और स्कॉर्पियो N कार सवारों के बीच वाहन को पास न देने को लेकर विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ गया कि स्कॉर्पियो सवार व्यक्तियों ने फॉर्च्यूनर का पीछा करते हुए उसे रोकने के लिए उसके टायरों पर फायरिंग शुरू कर दी।

इसी दौरान सड़क पर मॉर्निंग वॉक कर रहे एक व्यक्ति को अचानक गोली लग गई। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।

फायरिंग के बाद फॉर्च्यूनर कार अनियंत्रित होकर जोहड़ी गांव स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय के पास एक पेड़ से टकरा गई। इसके बाद स्कॉर्पियो सवार आरोपियों ने फॉर्च्यूनर में सवार लोगों के साथ मारपीट की और वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। इस घटना में फॉर्च्यूनर में सवार दो लोग घायल हुए, जिन्हें उनके साथियों द्वारा अस्पताल पहुंचाया गया।

घटना को अंजाम देने के बाद स्कॉर्पियो सवार सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने पूरे जनपद में नाकेबंदी कर सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया है और सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *