Headlines

Ramgarh: रामगढ़ में मंत्री राम सिंह कैड़ा का भव्य स्वागत, विकास कार्यों में तेजी का किया बड़ा ऐलान

Ramgarh: रामगढ़ में मंत्री राम सिंह कैड़ा का भव्य स्वागत, विकास कार्यों में तेजी का किया बड़ा ऐलान
शेयर करे-

Ramgarh: उत्तराखंड के शहरी विकास एवं जलागम मंत्री राम सिंह कैड़ा मंत्रिमंडल में शामिल होने के बाद पहली बार अपनी भीमताल विधानसभा के रामगढ़ ब्लॉक पहुंचे, जहां उनका भव्य और जोरदार स्वागत किया गया। पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनता ने बाइक रैली निकालकर मंत्री का अभिनंदन किया और पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

रामगढ़ ब्लॉक के श्यामखेत, गागर, मल्ला रामगढ़, तल्ला रामगढ़, लोस्ज्ञानी, नथुवाखान, ओड़ाखान और दाडीमा सहित विभिन्न क्षेत्रों में भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों और ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों के साथ मंत्री का स्वागत किया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि वह राज्य और क्षेत्र के विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे। उन्होंने विकास कार्यों को गति देने के लिए ठोस कदम उठाने का भरोसा दिलाया। साथ ही उन्होंने अपनी नियुक्ति के लिए राष्ट्रीय नेतृत्व और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया।

मंत्री ने बताया कि पीडब्ल्यूडी भवाली खंड को वर्तमान में सुगम श्रेणी में रखा गया है, जिसके कारण वहां कर्मचारियों की तैनाती में दिक्कत आ रही है। इसे जल्द ही दुर्गम श्रेणी में शामिल करने के लिए जियो जारी कराया जाएगा, ताकि क्षेत्र में कार्य सुचारु रूप से हो सके।

उन्होंने अपनी जीत के लिए भीमताल विधानसभा के मतदाताओं और कार्यकर्ताओं का धन्यवाद करते हुए कहा कि उन्हीं के समर्थन से उन्हें दोबारा विधानसभा पहुंचने और प्रदेश मंत्रिमंडल में कार्य करने का अवसर मिला है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पार्टी द्वारा जताए गए विश्वास पर वह पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगे।

कैड़ा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने यह भी विश्वास जताया कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा लगातार तीसरी बार उत्तराखंड में सरकार बनाएगी।

इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष अंकित, जिला मंत्री कुंदन चिलवाल, जिला पंचायत सदस्य ज्योति आर्या, विनोद पांडेय, नंदन कोरंगा, हरीश शर्मा, देवेंद्र सिंह बिष्ट, दीवान महरा, कमलेश बिष्ट सहित कई जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Ramgarh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *