Dehradun News: उत्तराखंड के 100 नगर निकायों में मेयर, अध्यक्ष और वार्डों से संबंधित आपत्तियों का निपटारा रविवार रात तक कर दिया गया। शहरी विकास निदेशालय ने इस प्रक्रिया के बाद दोनों रिपोर्ट राज्य सरकार को भेज दी हैं। अब राज्य सरकार इन रिपोर्टों का अध्ययन करके नगर निकायों की अंतिम अधिसूचना जारी करेगी, जिसके बाद निर्वाचन आयोग को चुनाव का प्रस्ताव भेजा जाएगा।
निकाय चुनाव की तैयारियों ने अब अंतिम रूप ले लिया है। शहरी विकास निदेशालय ने शनिवार रात तक काम करते हुए मेयर, नगर पालिका और नगर पंचायत अध्यक्षों के आरक्षण से संबंधित आपत्तियों का निपटारा किया और रिपोर्ट शासन को सौंप दी। इन रिपोर्टों का परीक्षण करने के बाद राज्य सरकार अंतिम अधिसूचना जारी करेगी। इसके बाद निर्वाचन आयोग को चुनाव की तिथियों का प्रस्ताव भेजा जाएगा। आयोग चुनाव का कार्यक्रम तैयार करेगा और राज्य सरकार को सूचित करेगा। फिर हरी झंडी मिलते ही चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी जाएगी।
ज्ञात हो कि शहरी विकास निदेशालय ने जिस नियमावली के तहत आरक्षण रोस्टर तैयार कर अनन्तिम अधिसूचना जारी की थी, उसी के आधार पर आपत्तियों का समाधान किया गया। जिलाधिकारियों ने भी अपने स्तर पर नियमों के तहत आपत्तियों की सुनवाई और निपटारा किया।
इस प्रक्रिया के पूरा होते ही उम्मीद जताई जा रही है कि इस सप्ताह प्रदेश में नगर निकाय चुनाव की अधिसूचना जारी हो सकती है। इसके साथ ही आचार संहिता भी लागू हो जाएगी।
For Latest Nes Updates Click Here

Chief Editor, Aaj Khabar

