Headlines

Uttarakhand : मुरादाबाद रोड स्थित सूर्या रोशनी फैक्ट्री में हाइड्रोजन सिलिंडर विस्फोट, एक की मौत, 10 घायल

Uttarakhand : मुरादाबाद रोड स्थित सूर्या रोशनी फैक्ट्री में हाइड्रोजन सिलिंडर विस्फोट, एक की मौत, 10 घायल
शेयर करे-

Uttarakhand: मुरादाबाद रोड पर स्थित सूर्या रोशनी लिमिटेड फैक्ट्री में बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया, जब हाइड्रोजन सिलिंडर फटने से एक कर्मचारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 10 लोग घायल हो गए। हादसा सुबह लगभग 10.30 बजे हुआ, जिससे फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

घायलों में से एक व्यक्ति का पैर बुरी तरह से कट गया है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को तत्काल मुरादाबाद रोड स्थित आयुष्मान अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जबकि मृतक को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेजा गया है।

घटना की जानकारी मिलते ही कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत, मेयर दीपक बाली, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी मणिकांत मिश्रा, सीएमओ डॉ. केके अग्रवाल, एसपी निहारिका सिंह सहित प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने अस्पताल जाकर घायलों का हाल जाना और परिजनों से बातचीत की।

कमिश्नर रावत ने अस्पताल में डॉक्टरों से बात कर हर घायल के समुचित इलाज का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को भी घटना की जानकारी दे दी गई है। मुख्यमंत्री ने हादसे पर दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि यदि किसी घायल को बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सालय भेजना पड़े तो भेजा जाए। साथ ही कमिश्नर ने जिलाधिकारी को मामले की जांच कराने के निर्देश दिए।

डीएम नितिन सिंह भदौरिया ने भी सभी घायलों को हर संभव चिकित्सीय सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को अस्पताल में तैनात रहने और घायलों की स्थिति पर लगातार नजर रखने के आदेश दिए। साथ ही फैक्ट्री में राहत व बचाव कार्य के लिए एनडीआरएफ की टीम को भी रवाना किया गया है।

हादसे में घायल हुए व्यक्तियों की सूची इस प्रकार है:

  1. गौरव सिंह
  2. गिरजा देवी
  3. मनीषा
  4. रोहिताश
  5. सजनी
  6. आलोक
  7. अंकित कुमार शर्मा
  8. रीता
  9. पूनम
  10. रोहित

प्रशासन ने फैक्ट्री प्रबंधन से भी घटना को लेकर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। हादसे के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

 

For latest news updates click here

For English news updates click here  

Pal ad

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *