Haldwani: आगामी त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन 2025 को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और सफल बनाने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में मेडिकल कॉलेज सभागार, हल्द्वानी में दो पालियों में मतदान अधिकारियों, जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों को प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण में कुल 1047 पीठासीन अधिकारी, मतदान अधिकारी प्रथम, जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों ने भाग लिया। अपर जिलाधिकारी विवेक रॉय ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे प्रशिक्षण के दौरान सभी शंकाओं का समाधान कर लें और मतदान दिवस पर किसी भी समस्या की स्थिति में रिटर्निंग ऑफिसर या जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों से संपर्क करें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मतदान केंद्र से रवानगी तथा संग्रह केंद्र तक वापसी केवल जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा निर्धारित वाहन से ही की जाए, किसी भी स्थिति में निजी या अन्य वाहन का उपयोग वर्जित रहेगा।
जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी गोस्वामी ने बताया कि प्रशिक्षण में मतपेटियों की सुरक्षित वापसी, मतदान केंद्रों पर प्रकाश व्यवस्था, महिला एवं पुरुष मतदाताओं के लिए अलग कतारें और सूचना पटों पर स्पष्ट बूथ नंबर जैसी व्यवस्थाओं पर विशेष जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि मतदाता अपने मतदान बूथ की आसानी से पहचान कर सकें, इसके लिए चिन्हांकन साफ-साफ किया जाना चाहिए।
मास्टर ट्रेनर एच.बी. चंद ने बताया कि जिन मतदाताओं के दोनों हाथ नहीं हैं, उनकी पहचान चिन पर स्याही लगा कर की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि मतदान दिवस पर मतदाता 25 प्रकार के वैध दस्तावेजों को दिखाकर मतदान कर सकते हैं। मतपत्र की वैधता के लिए उस पर सुभेदक सील और पीठासीन अधिकारी के हस्ताक्षर अनिवार्य होंगे।
मतदान प्रक्रिया निर्धारित समयानुसार ही कराई जाएगी और मतदान सामग्री की पूरी जांच कर यह सुनिश्चित किया जाएगा कि सभी दस्तावेज उसी केंद्र के लिए हों, जहां कार्मिकों की ड्यूटी निर्धारित की गई है।
प्रशिक्षण में जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी गोस्वामी, मास्टर ट्रेनर एच.बी. चंद, मतपेटी सह नोडल अधिकारी राजेन्द्र पाण्डे सहित जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा मतदान अधिकारी प्रथम मौजूद रहे।
For latest news updates click here
For English news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar

