Headlines

Haldwani: कालाढूंगी के भदूनी में बाघ ने किसान को बनाया निवाला, लगातार तीसरी वारदात से ग्रामीणों में उबाल

Haldwani: कालाढूंगी के भदूनी में बाघ ने किसान को बनाया निवाला, लगातार तीसरी वारदात से ग्रामीणों में उबाल
शेयर करे-

Haldwani: नैनीताल जिले के भदूनी गांव में बाघ का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा घटना में काठगोदाम भाजपा मंडल अध्यक्ष नीरज बिष्ट के भाई, भदूनी निवासी कमल सिंह (पुत्र इंदर सिंह) को खेत में काम करते समय बाघ ने अपना शिकार बना लिया। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल गहरा गया है, वहीं ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार यह लगातार तीसरी घटना है, लेकिन इसके बावजूद वन विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस और प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में बाघ की सक्रियता की जानकारी पहले से होने के बावजूद सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए, जिससे एक के बाद एक लोगों की जान जा रही है।

घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन के खिलाफ कड़ी नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि जब तक बाघ को पकड़ने या मारने के लिए सख्त कदम नहीं उठाए जाते, तब तक गांव में रहना और बाहर निकलना दोनों ही मुश्किल हो गया है।

सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है और जांच शुरू कर दी गई है। वहीं, क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों के भी मौके पर पहुंचने की बात कही जा रही है। ग्रामीणों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो वे सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

फिलहाल पूरे क्षेत्र में भय और गुस्से का माहौल बना हुआ है, और लोग प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग कर रहे हैं ताकि आगे ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *