Uttarkashi: जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच उडरी गांव में भारी भूस्खलन होने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। पहाड़ी से अचानक बड़ी मात्रा में मलबा और बोल्डर खिसककर गांव की ओर आ गए, जिससे कई घरों में मलबा घुस गया। खतरा बढ़ता देख ग्रामीण आनन-फानन में घरों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागे।
भूस्खलन की चपेट में आने से पांच घरों को भारी नुकसान पहुंचा है। हालांकि, राहत की बात रही कि घटना में किसी व्यक्ति की जान नहीं गई। मलबा आने के बाद गांव में काफी देर तक अफरा-तफरी और भय का माहौल बना रहा। कई प्रभावित परिवारों को अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर जाने को मजबूर होना पड़ा।
ग्रामीणों के मुताबिक, बारिश के दौरान अचानक पहाड़ी से मलबा और बोल्डर गिरने शुरू हुए। देखते ही देखते मलबा घरों तक पहुंच गया। खतरे को भांपते हुए लोगों ने समय रहते घरों से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। इसके बाद ग्रामीण खुद ही घरों की छतों और आसपास जमा मलबे को हटाने में जुट गए। संसाधनों के अभाव में उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
लगातार बारिश के कारण गांव में दोबारा भूस्खलन और जमीन धंसने का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि बारिश इसी तरह जारी रही तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। पहाड़ी से लगातार मलबा आने की आशंका के चलते प्रभावित परिवारों में भय बना हुआ है।
उडरी गांव के ग्रामीण नरेश रावत ने प्रशासन से तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने की मांग की है। उन्होंने प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने, क्षतिग्रस्त मकानों का सर्वे कराने और प्रभावितों को उचित मुआवजा देने की मांग की।
ग्रामीणों ने संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाने और आवश्यक सुरक्षा इंतजाम करने की भी अपील की है। उनका कहना है कि समय रहते प्रशासन ने प्रभावी कदम नहीं उठाए तो आने वाले दिनों में खतरा और बढ़ सकता है। फिलहाल ग्रामीण प्रशासन की टीम के मौके पर पहुंचने और नुकसान के आकलन का इंतजार कर रहे हैं।

Chief Editor, Aaj Khabar
