Chamoli: लगातार हो रही बारिश के चलते पहाड़ियां टूट रही हैं और सड़कों पर जगह-जगह मलबा जमा हो गया है। बदरीनाथ हाईवे कई स्थानों पर बंद हो गया, जिससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
शनिवार सुबह से बदरीनाथ हाईवे पागलनाला, भनेरपाणी, नंदप्रयाग और गौचर के पास कमेड़ा में मलबा आने से यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और तीर्थयात्री मार्ग खुलने का इंतजार करते रहे। हालांकि प्रशासन ने मलबा हटाकर यातायात शुरू करवा दिया, लेकिन हिल साइड पर जमा मलबे के कारण मार्ग दोबारा बंद होने की आशंका बनी हुई है।
गुजरात से आए तीर्थयात्रियों ने बताया कि श्रीनगर से पीपलकोटी तक पहुंचने में उन्हें 16 घंटे लग गए। बदरीनाथ हाईवे जगह-जगह खतरनाक बना हुआ है। इसी तरह गौचर के पास कमेड़ा और सिमली-ग्वालदम-अल्मोड़ा हाईवे पर नौली, मिंग गदेरा और काल जाबर के पास भी यातायात मलबे से अवरुद्ध है।
जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने कहा कि सभी प्रभावित स्थानों पर मलबा हटाने और मार्ग खोलने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। जल्द ही वाहनों की आवाजाही सुचारू कर दी जाएगी।

Chief Editor, Aaj Khabar
