Headlines

Chamoli: चमोली के गौचर में किसान दिवस पर राज्यस्तरीय कृषि मेला शुरू, केंद्रीय मंत्री व मुख्यमंत्री किसानों के बीच रहे

Chamoli: चमोली के गौचर में किसान दिवस पर राज्यस्तरीय कृषि मेला शुरू, केंद्रीय मंत्री व मुख्यमंत्री किसानों के बीच रहे
शेयर करे-

Chamoli: किसान दिवस के अवसर पर चमोली जिले के गौचर में राज्यस्तरीय कृषि मेले का भव्य शुभारंभ हुआ। मेले में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शिरकत की और कई घंटे तक किसानों के बीच रहकर उनकी समस्याएं सुनीं तथा नवाचारों को नजदीक से देखा।

कृषि मेले में पहाड़ी उत्पादों के आकर्षक स्टॉल लगाए गए हैं, जहां स्थानीय किसानों द्वारा उत्पादित अनाज, फल, सब्जियां और प्रसंस्कृत उत्पाद प्रदर्शित किए जा रहे हैं। इसके साथ ही खेती-किसानी से जुड़े आधुनिक उपकरणों और तकनीकों का भी प्रदर्शन किया गया है, जिससे किसानों को नई विधियों की जानकारी मिल सके।

कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पारंपरिक चक्की चलाकर स्थानीय उत्पादों के महत्व को रेखांकित किया और दूध बिलोकर ग्रामीण जीवन की झलक भी प्रस्तुत की। इससे किसानों और स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।

मेले के मैदान में पहाड़ की सीढ़ीनुमा खेती का जीवंत मॉडल प्रस्तुत किया गया है। साथ ही बागवानी, कीवी उत्पादन, ट्राउट मछली पालन और बदरी गाय जैसे पहाड़ी पशुपालन के मॉडल भी आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। इन मॉडलों के माध्यम से पर्वतीय क्षेत्रों में कृषि और पशुपालन की संभावनाओं को दर्शाया गया है।

यह राज्यस्तरीय कृषि मेला किसानों को आधुनिक तकनीक, पारंपरिक ज्ञान और सरकारी योजनाओं से जोड़ने का एक महत्वपूर्ण मंच साबित हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *