Ramnagar: सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए नैनीताल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रामनगर क्षेत्र में तमंचे की नोंक पर अपहरण, मारपीट और लूट की सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
दिनांक 26 दिसंबर 2025 को शुभम कश्यप निवासी भवानीगंज, रामनगर ने कोतवाली रामनगर में तहरीर देकर बताया कि समीर खान ने उसे बहला-फुसलाकर जबरन बुलट मोटरसाइकिल पर बैठाया और अपने साथियों के साथ मिलकर अपहरण कर लिया। आरोप है कि आरोपियों ने उसके साथ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी तथा देशी तमंचा कनपटी पर रखकर पर्स लूट लिया। इस घटना का वीडियो विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल हुआ।
पीड़ित की तहरीर के आधार पर कोतवाली रामनगर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने सुरागरसी-पतारसी और मुखबिर तंत्र के आधार पर रामनगर क्षेत्र से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में समीर खान, ईशान खान उर्फ पव्वा और रिहान अल्वी शामिल हैं। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा, बुलट मोटरसाइकिल, लूटा गया काले रंग का पर्स जिसमें नकदी व दस्तावेज थे, तथा पीड़ित का आधार कार्ड बरामद किया गया। सभी आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि जनपद में किसी भी प्रकार की अराजकता या गुंडागर्दी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे कृत्यों में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

Chief Editor, Aaj Khabar
