Champawat: नगर के भैरवां टैक्सी स्टैंड के समीप गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान उमेश जोशी उर्फ सोनू (34) निवासी ग्राम चनई के रूप में हुई है। वह वर्तमान में भैरवां टैक्सी स्टैंड के पास ढकना बडोला रोड क्षेत्र में रह रहा था। बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह किसी परिचित व्यक्ति की नजर युवक पर पड़ी, जो टैक्सी स्टैंड के पास जमीन पर पड़ा हुआ था। इसकी सूचना तत्काल परिजनों को दी गई।
परिजन युवक को आनन-फानन में जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। साथ ही घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि घटना की सच्चाई सामने आ सके।
इधर युवक की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मृतक के पिता हेमचंद्र जोशी ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।

Chief Editor, Aaj Khabar
