Headlines

Champawat: चंपावत में देर रात सड़क हादसा, बर्फबारी देखने आए यूपी के पर्यटकों की एक्सयूवी खाई में गिरी

Champawat: चंपावत में देर रात सड़क हादसा, बर्फबारी देखने आए यूपी के पर्यटकों की एक्सयूवी खाई में गिरी
शेयर करे-

Champawat: उत्तर प्रदेश के सीतापुर से बर्फबारी देखने उत्तराखंड आए पर्यटकों का वाहन चंपावत जिले में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। सुखीढांग क्षेत्र के पास आधी रात को महिंद्रा एक्सयूवी 700 अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। वाहन में कुल सात लोग सवार थे। हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और जिला पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया।

पुलिस के अनुसार जिला नियंत्रण कक्ष चंपावत के माध्यम से रात करीब 12:30 बजे सूचना मिली कि सुखीढांग के पास एक वाहन खाई में गिर गया है। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट टनकपुर से उप निरीक्षक दीपक जोशी के नेतृत्व में टीम रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

एसडीआरएफ टीम ने मौके पर पहुंचकर पाया कि वाहन में सवार सात लोगों में से पांच लोग स्वयं खाई से बाहर निकलकर सड़क तक पहुंच चुके थे और सभी सुरक्षित थे। जबकि दो लोग खाई में फंसे हुए थे। इनमें एक महिला और एक पुरुष शामिल थे, जिन्हें हल्की चोटें आई थीं।

एसडीआरएफ और जिला पुलिस ने संयुक्त रूप से रात के अंधेरे और कठिन परिस्थितियों में कड़ी मशक्कत कर दोनों घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें मुख्य मार्ग तक लाया गया और 108 एम्बुलेंस के माध्यम से उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

घायलों की पहचान अभिषेक वर्मा पुत्र कृष्ण वर्मा (उम्र 24 वर्ष) और दर्शिका वर्मा पुत्री देश दीपक भार्गव (उम्र 17 वर्ष), दोनों निवासी सीतापुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सभी पर्यटक चंपावत जिले में बर्फबारी देखने आए थे।

गौरतलब है कि उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में हाल के दिनों में जोरदार बर्फबारी हुई है। मौसम विभाग ने आगे भी बारिश, बर्फबारी और ओलावृष्टि की संभावना जताई है। जिला प्रशासन और मौसम विभाग लगातार पर्यटकों से अपील कर रहे हैं कि पहाड़ी सड़कों पर वाहन बेहद सावधानी से चलाएं, क्योंकि बर्फ और पाले के कारण सड़कें अत्यधिक फिसलन भरी हो जाती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *