Headlines

Dehradun: मुख्यमंत्री धामी की आईएएस अधिकारियों संग की मुलाक़ात, पारदर्शी और जन-केन्द्रित प्रशासन का किया आह्वान

Dehradun: मुख्यमंत्री धामी की आईएएस अधिकारियों संग की मुलाक़ात, पारदर्शी और जन-केन्द्रित प्रशासन का किया आह्वान
शेयर करे-

Dehradun: मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी की उपस्थिति में आज मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखण्ड के आईएएस अधिकारियों की एक अनौपचारिक बैठक आयोजित हुई, जिसमें मुख्य सचिव श्री आनंद बर्द्धन सहित वरिष्ठ और युवा अधिकारी शामिल रहे। बैठक प्रशासनिक अधिकारी सम्मेलन (AOC) के संदर्भ में आयोजित की गई।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों का स्वागत करते हुए कहा कि उत्तराखण्ड ने 25 वर्षों में अनेक चुनौतियों का सामना करते हुए जिस विकास यात्रा को तय किया है, उसके पीछे प्रशासनिक तंत्र की निष्ठा, मेहनत और दूरदर्शिता की अहम भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय अधिक गति, अधिक दृढ़ता और अधिक संकल्प के साथ काम करने का समय है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि “यह दशक उत्तराखण्ड का दशक है” और इसे साकार करना हमारे प्रशासनिक नेतृत्व का दायित्व है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि आने वाले पाँच वर्ष राज्य के लिए निर्णायक होंगे। हर नागरिक को यह महसूस होना चाहिए कि राज्य सकारात्मक और निर्णायक परिवर्तन से गुजर रहा है। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रशासन तेजी और पारदर्शिता के साथ कार्य करे, फाइलों का निस्तारण समयबद्ध हो, योजनाओं का प्रभाव तुरंत जमीनी स्तर पर दिखे और हर प्रक्रिया में जवाबदेही स्पष्ट हो।

उन्होंने कहा कि प्रशासनिक सेवा धन या सुविधा के लिए नहीं, बल्कि राष्ट्र और समाज के लिए कुछ करने की भावना से चुनी जाती है। लालफीताशाही, शिकायतों की अनदेखी और अनावश्यक देरी जैसी कमियाँ प्रशासन की छवि को प्रभावित करती हैं। अधिकारियों को जनता के विश्वास को सर्वोपरि रखना चाहिए। मुख्यमंत्री ने सूर्यप्रताप सिंह, टी. एन. शेषन और नृपेंद्र मिश्र जैसे ईमानदार और प्रभावी अधिकारियों का उदाहरण देते हुए कहा कि पद का कार्यकाल सीमित होता है, पर कार्यों का सम्मान आजीवन रहता है।

उन्होंने निर्देश दिया कि उदासीन कार्यशैली स्वीकार्य नहीं है। कोई भी कार्य अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। सभी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पारदर्शिता और समयबद्धता से पहुँचे। अधिकारी अपने क्षेत्रों में मासिक समीक्षा, निरंतर मॉनिटरिंग और साइट निरीक्षण सुनिश्चित करें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार “विकल्प रहित संकल्प” के मंत्र के साथ उत्तराखण्ड को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के लिए प्रतिबद्ध है और IAS अधिकारियों की निष्ठा और संकल्प इस लक्ष्य को प्राप्त करने में निर्णायक भूमिका निभाएंगे। बैठक में मुख्य सचिव ने AOC के अनुभव भी साझा किए।

Dehradun

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *