Haldwani: हल्द्वानी में उजाला नगर में सामने आए संवेदनशील मामले में गिरफ्तार हिंदूवादी नेता विपिन पाण्डे को अदालत से बड़ी राहत मिली है। गुरुवार को पुलिस ने उन्हें कुसुमखेड़ा क्षेत्र से हिरासत में लेकर हल्द्वानी न्यायालय में पेश किया था। आरोप था कि उजालेश्वर महादेव मंदिर के पास गोवंश का सिर मिलने की घटना के बाद विपिन पाण्डे सहित अन्य लोगों ने सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट साझा की, जिससे स्थानीय माहौल में तनाव बढ़ने की आशंका पैदा हुई।
पुलिस ने मामले में गंभीरता दिखाते हुए आईपीसी की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था और पूछताछ के बाद उन्हें नैनीताल जेल भेज दिया गया था।
आज इस प्रकरण की सुनवाई के दौरान विपिन पाण्डे की ओर से उनके अधिवक्ताओं ने अदालत में जमानत याचिका दायर की। याचिका में यह तर्क दिया गया कि वायरल पोस्ट का उद्देश्य किसी को भड़काना नहीं था।
अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलों को सुनने और केस डायरी का अवलोकन करने के बाद जमानत याचिका मंज़ूर कर ली तथा विपिन पाण्डे की तत्काल रिहाई के आदेश जारी किए।
पूरे प्रकरण को लेकर प्रशासन और पुलिस सतर्क हैं तथा संवेदनशील क्षेत्रों में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।

Chief Editor, Aaj Khabar
