Champawat: चम्पावत पुलिस ने तकनीक और तत्परता का शानदार उदाहरण पेश करते हुए हजारों किलोमीटर दूर इंग्लैंड से एक खोया हुआ मोबाइल फोन बरामद कर उसके मालिक को सौंप दिया। पाटी थाना क्षेत्र के पटन गांव निवासी कमल सिंह ने 15 मई को अपने वीवो वाई16 मोबाइल के गुम होने की शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत के बाद पुलिस ने सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से फोन की ट्रेसिंग शुरू की, जिसमें पता चला कि मोबाइल इंग्लैंड में सक्रिय है। पाटी थाना पुलिस ने वहां फोन उपयोग कर रहे मोहित कालरा से संपर्क कर आवश्यक कानूनी जानकारी दी, जिसके बाद उन्होंने सहयोग करते हुए फोन भारत कुरियर कर दिया।
पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देश पर पाटी थाना पुलिस ने विदेश से प्राप्त मोबाइल कमल सिंह की पत्नी दीपा बोहरा को विधिवत रूप से सौंप दिया। फोन वापस मिलने पर परिजनों ने चम्पावत पुलिस की संवेदनशीलता, तकनीकी दक्षता और त्वरित कार्यवाही की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।

Chief Editor, Aaj Khabar
