Dehradun: देहरादून में उपनल कर्मचारियों का आंदोलन लगातार दसवें दिन जारी रहा, और आज इस धरने को बड़ा राजनीतिक समर्थन मिला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल धरना स्थल पहुंचे, कर्मचारियों से मिले और उनकी समस्याओं को नजदीक से जाना। उन्होंने कहा कि उपनल कर्मचारियों की उपेक्षा करना सरकार द्वारा न्याय का खुला अपमान है और कांग्रेस उनके साथ मजबूती से खड़ी है।
गोदियाल ने कहा कि उपनल कर्मचारी राज्य की सेवाओं की रीढ़ हैं और बीते कई वर्षों से उनकी आवाज़ को अनसुना करना सरकार की कठोरता को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार कर्मचारियों के हितों, रोजगार संस्कृति और संविदा व्यवस्था के सुधार पर “जानबूझकर मौन” है, जबकि कर्मचारी न्यूनतम वेतन, सेवा सुरक्षा और समान कार्य–समान वेतन जैसी बुनियादी मांगें कर रहे हैं।
उन्होंने सरकार से तत्काल वार्ता शुरू करने और समयबद्ध समाधान प्रस्तुत करने की मांग की। गोदियाल ने स्पष्ट किया कि जब तक उपनल कर्मचारियों को सम्मानजनक समाधान नहीं दिया जाता, कांग्रेस हर स्तर पर उनके साथ खड़ी रहेगी। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि यदि सरकार उनकी समस्याओं का समाधान करती है, तो वह स्वयं कर्मचारियों के साथ मिलकर सरकार का अभिनंदन करेंगे।

Chief Editor, Aaj Khabar
