Headlines

Dehradun: मुख्यमंत्री धामी ने जॉलीग्रांट एयरपोर्ट पर देहरादून-पिथौरागढ़ हवाई सेवा का किया शुभारंभ, एक घंटे में सफर संभव

Dehradun: मुख्यमंत्री धामी ने जॉलीग्रांट एयरपोर्ट पर देहरादून-पिथौरागढ़ हवाई सेवा का किया शुभारंभ, एक घंटे में सफर संभव
शेयर करे-

Dehradun: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज जॉलीग्रांट एयरपोर्ट पर देहरादून-पिथौरागढ़-देहरादून विमान सेवा का शुभारंभ किया। रामनवमी के शुभ अवसर पर शुरू हुई इस 42 सीटर विमान सेवा के जरिए अब पिथौरागढ़ से देहरादून का सफर मात्र एक घंटे में पूरा किया जा सकेगा। मुख्यमंत्री ने इसे राज्य के लिए सामरिक दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण कदम बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय था जब हवाई यात्रा केवल सम्पन्न वर्ग तक सीमित मानी जाती थी, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यह आम नागरिक तक पहुंची है। वर्ष 2016 में शुरू की गई उड़ान योजना ने देश में नागरिक उड्डयन क्षेत्र में नई क्रांति लाई है, जिसके माध्यम से दूरस्थ और छोटे शहरों को सस्ती हवाई सेवाओं से जोड़ा गया है।

उन्होंने बताया कि हाल ही में केंद्र सरकार ने उड़ान योजना 2.0 को मंजूरी दी है, जिसके तहत अगले 10 वर्षों में लगभग 29 हजार करोड़ रुपये की लागत से 100 नए हवाई अड्डों और 200 हेलीपैड विकसित किए जाएंगे। इसका उद्देश्य टियर-2 और टियर-3 शहरों में हवाई कनेक्टिविटी को और मजबूत बनाना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड जैसे पर्वतीय राज्य में हवाई सेवाएं केवल परिवहन का साधन नहीं, बल्कि जीवन रेखा बन चुकी हैं। दुर्गम क्षेत्रों में आवश्यक सामग्री पहुंचाने और गंभीर मरीजों को त्वरित चिकित्सा सुविधा दिलाने में इनका महत्वपूर्ण योगदान है। वर्तमान में राज्य में उड़ान योजना के अंतर्गत 26 हवाई मार्ग संचालित हो रहे हैं, जबकि “उत्तराखण्ड एयर कनेक्टिविटी योजना” के तहत 6 मार्गों पर नियमित उड़ानें जारी हैं।

उन्होंने बताया कि पिछले चार वर्षों में राज्य में हेलिपोर्ट्स की संख्या 2 से बढ़कर 12 और हेलीपैड की संख्या 60 से बढ़कर 118 हो चुकी है। राज्य को “बेस्ट स्टेट फॉर प्रमोशन ऑफ एविएशन इकोसिस्टम” का राष्ट्रीय सम्मान भी मिल चुका है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस नई हवाई सेवा से पिथौरागढ़ की अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी और सीमांत क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने में तेजी आएगी। साथ ही पिथौरागढ़ और मुनस्यारी के बीच हेली सेवा भी शुरू की गई है। सरकार 450 करोड़ रुपये की लागत से पिथौरागढ़ हवाई अड्डे के विकास पर भी काम कर रही है।

इस अवसर पर केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने वीडियो संदेश के माध्यम से शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *