Haldwani: उत्तराखंड में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे “ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन” के तहत नैनीताल पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में चल रहे अभियान के दौरान एसओजी और हल्द्वानी पुलिस की संयुक्त टीम ने 60 लाख रुपये से अधिक कीमत की स्मैक के साथ एक महिला तस्कर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस द्वारा जनपद में नशे के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 25 मार्च 2026 को पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और क्षेत्राधिकारी अमित कुमार के पर्यवेक्षण में कोतवाली हल्द्वानी पुलिस व एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई की।
चेकिंग के दौरान बेलबाबा के पास एक महिला संदिग्ध दिखाई दी। पूछताछ और तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 203 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई, जिसकी कीमत लगभग 60.90 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए महिला को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्ता की पहचान कनिका पत्नी विजय (40 वर्ष), निवासी शिवनगर ट्रांजिट कैंप, जिला ऊधम सिंह नगर के रूप में हुई है। उसके खिलाफ कोतवाली हल्द्वानी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
इस सफलता पर एसएसपी नैनीताल ने पुलिस टीम का उत्साहवर्धन करते हुए 2500 रुपये का नगद पुरस्कार दिया है। उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि जनपद में नशे का कारोबार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पुलिस प्रशासन ने यह भी बताया कि ड्रग्स तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के तहत उनकी अवैध संपत्ति को जब्त करने की प्रक्रिया भी लगातार जारी है, ताकि नशे के नेटवर्क को पूरी तरह खत्म किया जा सके।

Chief Editor, Aaj Khabar
