Headlines

Dehradun: मुख्यमंत्री धामी ने जनजातीय उत्थान को दी नई सौगात, नियुक्ति पत्र वितरण और करोड़ों की योजनाओं का लोकार्पण

Dehradun: मुख्यमंत्री धामी ने जनजातीय उत्थान को दी नई सौगात, नियुक्ति पत्र वितरण और करोड़ों की योजनाओं का लोकार्पण
शेयर करे-

Dehradun: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम में जनजाति कल्याण विभाग के अंतर्गत संचालित राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालयों में चयनित 15 सहायक अध्यापकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। साथ ही उन्होंने 15 करोड़ रुपये से अधिक लागत की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ये परियोजनाएं जनजातीय समाज की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के साथ ही नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराएंगी। उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि युवा शिक्षक नई पीढ़ी के समग्र विकास में अहम भूमिका निभाएंगे।

धामी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आदिवासी समाज के उत्थान के लिए ऐतिहासिक कदम उठाए गए हैं। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का निर्णय इसका प्रमुख उदाहरण है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने जनजातीय समाज के बजट को तीन गुना तक बढ़ाया है और एकलव्य मॉडल स्कूल, प्रधानमंत्री जनजातीय उन्नत ग्राम अभियान, वन धन योजना और प्रधानमंत्री जनजातीय विकास मिशन जैसी योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि “प्रधानमंत्री जनजातीय उन्नत ग्राम अभियान” के अंतर्गत उत्तराखंड के 128 जनजातीय गांवों का चयन किया गया है। वर्तमान में राज्य के कालसी, मेहरावना, बाजपुर और खटीमा में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय संचालित हो रहे हैं, जहां जनजातीय समुदाय के छात्रों को निःशुल्क शिक्षा व आवास सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही पिथौरागढ़ जिले में भोटिया और राजी जनजाति के लिए भी एकलव्य विद्यालय खोलने का अनुरोध केंद्र सरकार से किया गया है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भी जनजातीय समाज के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। छात्रों को प्राइमरी से स्नातकोत्तर स्तर तक छात्रवृत्ति प्रदान की जा रही है और 16 राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय संचालित हो रहे हैं। इसके अलावा शिक्षित बेरोजगार युवाओं को तकनीकी शिक्षा प्रदान करने के लिए प्रदेश में तीन आईटीआई संस्थान चलाए जा रहे हैं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जनजातीय शोध संस्थान में सौंदर्यीकरण, बालिकाओं के लिए हाईटेक शौचालय ब्लॉक और आदि लक्ष्य संस्थान में डाइनिंग हॉल के निर्माण की घोषणा भी की।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक खजान दास, उमेश शर्मा काऊ, सविता कपूर, दलीप सिंह रावत, प्रमोद नैनवाल, अध्यक्ष जनजाति आयोग लीलावती राणा, सचिव समाज कल्याण श्रीधर बाबू अद्दांकी, निदेशक जनजाति कल्याण संजय टोलिया, निदेशक समाज कल्याण चंद्र सिंह धर्मशक्तू सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Dehradun

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *