Headlines

Dehradun: प्रदेशभर से आई बहनों ने मुख्यमंत्री धामी को बांधा रक्षा सूत्र, मातृशक्ति के सशक्तीकरण का लिया संकल्प

Dehradun: प्रदेशभर से आई बहनों ने मुख्यमंत्री धामी को बांधा रक्षा सूत्र, मातृशक्ति के सशक्तीकरण का लिया संकल्प
शेयर करे-

Dehradun: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को बुधवार को मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आई बहनों ने रक्षा सूत्र बांधा और उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। मुख्यमंत्री ने सभी बहनों का आत्मीय स्वागत करते हुए उनका आभार व्यक्त किया तथा प्रदेशवासियों को रक्षा बंधन की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षा बंधन भाई-बहन के स्नेह, विश्वास और सुरक्षा के संकल्प का पावन पर्व है। मातृशक्ति और बहनों का स्नेह एवं आशीर्वाद उन्हें उत्तराखंड की सेवा और प्रदेश के विकास के लिए निरंतर नई ऊर्जा प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि महिलाएं परिवार की मजबूत आधारशिला होने के साथ ही समाज और देश के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तीकरण को प्राथमिकता दी गई है। महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण के प्रावधान के साथ ही उज्ज्वला योजना, लखपति दीदी अभियान, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जैसी योजनाओं से महिलाओं एवं बेटियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार भी मातृशक्ति के कल्याण और स्वावलंबन के लिए लगातार कार्य कर रही है। राज्य सेवाओं में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया जा रहा है, जबकि महिलाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तराखंड में लखपति दीदी अभियान को तेजी से धरातल पर उतारा गया है और प्रदेश में अब तक 3 लाख 09 हजार से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं स्थानीय उत्पादों, कृषि, हस्तशिल्प और अन्य स्वरोजगार गतिविधियों के जरिए अपनी आजीविका मजबूत करने के साथ प्रदेश की अर्थव्यवस्था में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना, मुख्यमंत्री महिला स्वयं सहायता समूह सशक्तीकरण योजना और मुख्यमंत्री महालक्ष्मी योजना सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार एवं आजीविका के नए अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। महिला स्वयं सहायता समूहों के स्थानीय उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने और उनकी आय बढ़ाने के लिए भी सरकार निरंतर प्रयास कर रही है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी गीता पुष्कर धामी, विधायक सविता कपूर, आशा नौटियाल, भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आई मातृशक्ति उपस्थित रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *