Uttarakhand: नेपाल में भारी बारिश और बाढ़ का असर अब उत्तराखंड के सीमावर्ती क्षेत्रों में भी दिखने लगा है। नेपाल में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच शारदा नदी के जलस्तर बढ़ने की आशंका को देखते हुए चम्पावत जिला प्रशासन ने अलर्ट जारी कर दिया है। टनकपुर में SDRF को हाई अलर्ट पर रखते हुए शारदा बैराज, शारदा घाटों और संवेदनशील निचले व तटीय इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है।
सेनानायक SDRF के निर्देश पर SDRF टीम टनकपुर पूरी तरह हाई अलर्ट मोड पर है। जवान आवश्यक जीवनरक्षक उपकरणों के साथ 24 घंटे मुस्तैद हैं और शारदा घाट, शारदा बैराज समेत संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार गश्त कर रहे हैं। SDRF टीम स्थानीय निवासियों, यात्रियों और मछुआरों को नदी का जलस्तर बढ़ने की संभावित स्थिति को लेकर जागरूक कर रही है।
प्रशासन ने लोगों से शारदा नदी और उसके तटीय क्षेत्रों के आसपास अनावश्यक रूप से न जाने की अपील की है। खासतौर पर बच्चों और पशुओं को नदी किनारे से दूर रखने को कहा गया है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी मनीष कुमार ने जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी विभागों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। सिंचाई, राजस्व, पुलिस और आपदा प्रबंधन विभाग को आपसी समन्वय बनाए रखते हुए नदियों के जलस्तर पर लगातार नजर रखने के लिए कहा गया है।
जिला प्रशासन आपदा नियंत्रण कक्ष के माध्यम से स्थिति की लगातार निगरानी कर रहा है। प्रशासन ने अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल स्थानीय प्रशासन या जिला आपदा कंट्रोल रूम को दें, ताकि समय रहते राहत और बचाव कार्य शुरू किया जा सके।

Chief Editor, Aaj Khabar
