Headlines

Rudrapur: रुद्रपुर में डॉक्टरों की कमी पर सियासत गरम, सीएम धामी को ज्ञापन देने जा रहे पूर्व विधायक ठुकराल समर्थकों समेत हिरासत में

Rudrapur: रुद्रपुर में डॉक्टरों की कमी पर सियासत गरम, सीएम धामी को ज्ञापन देने जा रहे पूर्व विधायक ठुकराल समर्थकों समेत हिरासत में
शेयर करे-

Rudrapur: रुद्रपुर जिला अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी का मुद्दा गुरुवार को राजनीतिक रूप से गरमा गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन सौंपने जा रहे पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल और उनके समर्थकों को पुलिस ने कार्यक्रम स्थल से पहले ही हिरासत में ले लिया। ठुकराल का कहना है कि उनका उद्देश्य विरोध करना नहीं, बल्कि जिला अस्पताल में डॉक्टरों की कमी और मरीजों की परेशानियों से मुख्यमंत्री को अवगत कराना था।

पूर्व विधायक ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू जिला चिकित्सालय उधम सिंह नगर का प्रमुख सरकारी अस्पताल है, जहां जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी के कारण कई मरीजों को बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पतालों में रेफर करना पड़ता है, जिससे मरीजों और उनके परिजनों पर आर्थिक और मानसिक बोझ बढ़ता है।

राजकुमार ठुकराल अपने समर्थकों के साथ जेसीज पब्लिक स्कूल ग्राउंड में आयोजित ‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’ कार्यक्रम में पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मिलकर ज्ञापन सौंपना चाहते थे। हालांकि, मुख्यमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस और प्रशासन ने उन्हें कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने से पहले ही रोक लिया और हिरासत में ले लिया।

ठुकराल ने सरकार से जिला अस्पताल में रिक्त पड़े विशेषज्ञ चिकित्सकों के पदों को जल्द भरने की मांग की। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों की कमी सीधे तौर पर आम जनता और मरीजों के हित से जुड़ा गंभीर मुद्दा है, जिस पर सरकार को तत्काल निर्णय लेना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *