Haldwani: राजपुरा क्षेत्र में कथित अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ आवाज उठाने वाले सामाजिक कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस ने बुधवार को बुद्ध पार्क में पुलिस प्रशासन का पुतला फूंका। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि नशे के कथित कारोबारियों पर प्रभावी कार्रवाई करने के बजाय नशे के खिलाफ आवाज उठाने वालों को मुकदमों में उलझाया जा रहा है।
हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश की मौजूदगी में हुए प्रदर्शन में पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि नशे के अवैध कारोबार और उससे जुड़े पूरे नेटवर्क की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की जाए तथा नशे के खिलाफ अभियान चलाने वाले निर्दोष सामाजिक कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए।
सुमित हृदयेश ने कहा कि राजपुरा में नशे के खिलाफ चल रहा अभियान केवल एक क्षेत्र का मुद्दा नहीं, बल्कि पूरे हल्द्वानी की जनभावना से जुड़ा विषय है। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों ने ज्ञापन, हस्ताक्षर अभियान और धरने के माध्यम से अपनी बात पुलिस तक पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन उनकी शिकायतों पर कार्रवाई के बजाय आंदोलन से जुड़े लोगों पर मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट और जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल ने भी मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच की मांग उठाई। कांग्रेस नेताओं ने घटनास्थल के CCTV फुटेज और उपलब्ध मोबाइल वीडियो को जांच में शामिल करने तथा दर्ज मुकदमों की समीक्षा करने की मांग की।
कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि नशे के खिलाफ आवाज उठाने वालों को कथित रूप से प्रताड़ित किया जाता रहा और जनभावनाओं की अनदेखी हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

Chief Editor, Aaj Khabar
