Haldwani: भारत सरकार के बालिकाओं को खेलों से जोड़ने के उद्देश्य से संचालित अस्मिता कार्यक्रम के तहत गुरुवार को द शिवालिक इंटरनेशनल स्कूल, हल्द्वानी में अस्मिता सेपक टाकरा सिटी लीग-2026 का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन द सेपक टाकरा एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड द्वारा किया गया, जिसमें हल्द्वानी शहर के विभिन्न विद्यालयों की 100 से अधिक बालिका खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ द शिवालिक इंटरनेशनल स्कूल के प्रबंधक रमेश चंद्र शर्मा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को खेल भावना और अनुशासन के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता के पहले सेमीफाइनल में यूनिवर्सल कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल ने इंस्पिरेशन सीनियर सेकेंडरी स्कूल को सीधे सेटों में 2-0 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। वहीं दूसरे सेमीफाइनल में दीक्षांत इंटरनेशनल स्कूल ने मेजबान शिवालिक इंटरनेशनल स्कूल को 2-0 से हराकर फाइनल का टिकट हासिल किया।
फाइनल मुकाबला यूनिवर्सल कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल और दीक्षांत इंटरनेशनल स्कूल के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले के बाद दीक्षांत इंटरनेशनल स्कूल ने विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि यूनिवर्सल कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल उपविजेता रहा।
समापन समारोह में इंस्पिरेशन सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्रबंधक दीपक बलुटिया ने विजेता और उपविजेता टीमों की खिलाड़ियों को मेडल एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।
द सेपक टाकरा एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के चेयरमैन डॉ. नागेंद्र शर्मा ने कहा कि अस्मिता कार्यक्रम के माध्यम से क्षेत्र की बालिकाओं को खेलों से जोड़ने और उनकी प्रतिभा को मंच देने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि भविष्य में भी संघ की ओर से इस प्रकार की खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता रहेगा।
प्रतियोगिता में प्रगति, किरण, श्वेता, गौरव और योगेश पांडेय ने निर्णायक की भूमिका निभाई। इस अवसर पर दीक्षांत इंटरनेशनल स्कूल के प्रबंधक सुमित टिक्कू, शिवालिक इंटरनेशनल स्कूल के वाइस चेयरमैन अनंत नियर शर्मा, आकृति शर्मा, प्रधानाचार्य पी.एस. अधिकारी, दीपक अधिकारी, वैशाली पांडेय, मोहित उप्रेति सहित विभिन्न विद्यालयों के शारीरिक प्रशिक्षक उपस्थित रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar
