Dehradun: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मोहनी रोड स्थित दून इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित देहरादून लिटरेचर फेस्टिवल में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने वेणु अग्राहार ढींगरा द्वारा लिखित पुस्तक ‘लीडिंग लेडीज ऑफ इंडिया’ का विमोचन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि साहित्य विचारों, भावनाओं और अनुभवों की अभिव्यक्ति का प्रभावी माध्यम है तथा समाज और संस्कृति में जागरूकता लाने में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए अनेक योजनाओं पर कार्य कर रही है।
उन्होंने बताया कि राज्य में महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की मांग लगातार बढ़ रही है और बेटियां हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की आत्मा उसकी समृद्ध संस्कृति में बसती है, और सरकार परंपराओं एवं सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित करने की दिशा में निरंतर प्रयासरत है।
धामी ने बताया कि पिछले दो वर्षों से आयोजित प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन का उद्देश्य लोगों को अपनी जड़ों से जोड़ना है। इसके बाद कई प्रवासी अपने गांवों के विकास और राज्य के उत्थान में सहयोग के लिए आगे आए हैं।
कार्यक्रम में श्रीमती गीता पुष्कर धामी, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, डी.एस. मान समेत अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar

