Dehradun: उत्तराखंड में जारी आपदा की परिस्थितियों के बीच मौसम विज्ञान विभाग ने अगले तीन दिनों के लिए बड़ा अलर्ट जारी किया है। विभाग ने भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी देते हुए राज्य के विभिन्न जिलों में रेड और येलो अलर्ट घोषित किए हैं।
1 सितंबर को देहरादून, पिथौरागढ़, बागेश्वर और नैनीताल जिलों में अत्यधिक बारिश की संभावना जताई गई है, जिसके चलते इन जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं राज्य के अन्य जिलों में येलो अलर्ट प्रभावी रहेगा।
2 सितंबर को देहरादून, चमोली और बागेश्वर के लिए रेड अलर्ट घोषित किया गया है, जबकि शेष जिलों में येलो अलर्ट जारी रहेगा। इसके अतिरिक्त 3 सितंबर को पूरे प्रदेश में भारी बारिश की आशंका के चलते येलो अलर्ट घोषित किया गया है।
मौसम विभाग के हाइड्रोमेट डिवीजन ने बाढ़ की संभावना को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। इसी के मद्देनज़र राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी जिलों को अलर्ट पर रखा है और देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली एवं बागेश्वर के जिलाधिकारियों को आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

Chief Editor, Aaj Khabar
