Haldwani: इज्जतनगर रेल मंडल ने वित्तीय वर्ष 2024-25 के आधार पर टॉप 50 स्टेशनों की सूची जारी की है। इस सूची में काठगोदाम स्टेशन ने 50.93 करोड़ रुपये की आय कर पहला स्थान प्राप्त किया है। दूसरे स्थान पर फर्रुखाबाद जंक्शन रहा, जिसकी आय 28.45 करोड़ रुपये दर्ज की गई।
लालकुआं जंक्शन ने 19.52 करोड़ रुपये की कमाई कर तीसरा स्थान पाया। वहीं, हल्द्वानी स्टेशन 18.13 करोड़ रुपये की आय के साथ चौथे स्थान पर रहा। कासगंज जंक्शन ने 17.16 करोड़ रुपये अर्जित कर पांचवां स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा रुद्रपुर सिटी ने 16.96 करोड़ रुपये की आय के साथ छठा और कन्नौज 15.10 करोड़ की आय के साथ सातवें स्थान पर रहा।
पीलीभीत जंक्शन 10.52 करोड़ रुपये की आय के साथ आठवें स्थान पर रहा, जबकि काशीपुर 9.81 करोड़ रुपये के साथ नौवें स्थान पर दर्ज हुआ। मंडल मुख्यालय इज्जतनगर जंक्शन ने 9.56 करोड़ रुपये की कमाई कर दसवां और बरेली सिटी स्टेशन ने 9.25 करोड़ रुपये की आय अर्जित कर 11वां स्थान पाया।
रेलवे राजस्व सूची में कुमाऊं के पांच स्टेशन टॉप 10 में शामिल होकर क्षेत्र की बढ़ती यात्रा गतिविधियों और यात्री संख्या को दर्शाते हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि पर्वतीय क्षेत्रों से जुड़ाव, पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही और स्थानीय यात्रियों की निर्भरता इन स्टेशनों की आय में इजाफे का प्रमुख कारण है।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि काठगोदाम से संचालित होने वाली ट्रेनों में यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे स्टेशन की आय में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है। इसी तरह लालकुआं और हल्द्वानी भी क्षेत्रीय और लंबी दूरी की यात्रा के लिए महत्वपूर्ण केंद्र बने हुए हैं।
कुमाऊं के इन स्टेशनों का टॉप 10 में शामिल होना न केवल रेलवे की आय को सुदृढ़ कर रहा है, बल्कि क्षेत्रीय विकास और पर्यटन को भी गति प्रदान कर रहा है।
सीनियर डौसीएम संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि यात्रियों की संख्या में लगातार वृद्धि और स्टेशनों पर आधुनिक सुविधाओं की उपलब्धता से आय में निरंतर बढ़ोतरी हो रही है।

Chief Editor, Aaj Khabar
