Dehradun: मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में प्रदेशभर से आए नागरिकों की शिकायतें और समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनता से प्राप्त शिकायतों एवं मांगों पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और नियमित फीडबैक प्रणाली को मजबूत किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता मिलन कार्यक्रम प्रशासन को लोगों के और करीब लाने का प्रभावी माध्यम है, इसलिए प्रत्येक विभाग को सक्रियता और संवेदनशीलता के साथ जन अपेक्षाओं पर खरा उतरना होगा। उन्होंने शिकायत निवारण प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि राज्य की रजत जयंती वर्ष को जनभागीदारी और संवाद को मजबूत करने के अवसर के रूप में मनाया जा रहा है। जनता से प्राप्त सुझावों को नीति निर्माण में शामिल किया जाएगा ताकि विकास योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से हर नागरिक तक पहुंचे।
मुख्यमंत्री ने जनता से राज्यहित में रचनात्मक सुझाव देने और जनसेवा के प्रयासों में सहभागी बनने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार की प्रत्येक नीति और निर्णय का मूल उद्देश्य जनता का हित और प्रदेश का समग्र विकास है।

Chief Editor, Aaj Khabar

