Headlines

Dehradun: उत्तरकाशी धराली आपदा पर अजय भट्ट के बयान से मचा सियासी भूचाल, कांग्रेस ने बताया संवेदनहीन

Dehradun: उत्तरकाशी धराली आपदा पर अजय भट्ट के बयान से मचा सियासी भूचाल, कांग्रेस ने बताया संवेदनहीन
शेयर करे-

Dehradun: उत्तरकाशी के धराली क्षेत्र में आई भीषण आपदा के बाद राजनीतिक बयानबाज़ी तेज़ हो गई है। नैनीताल से बीजेपी सांसद और पूर्व मंत्री अजय भट्ट के एक विवादित बयान ने नया सियासी विवाद खड़ा कर दिया है। अजय भट्ट ने आपदा पर टिप्पणी करते हुए कहा, “जहां विकास होता है, वहां थोड़ी बहुत परेशानी होती है,” और “बादल तो फटते ही रहते हैं, आपदाएं रोकी नहीं जा सकतीं।” उनके इस बयान पर कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।

कांग्रेस ने भट्ट के बयान को शर्मनाक और अत्यंत संवेदनहीन करार दिया है। पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि जब प्रदेश के विभिन्न जिलों में लगातार भीषण आपदाएं आ रही हैं, तब एक जिम्मेदार सांसद का इस तरह का बयान जनता की पीड़ा के प्रति उनकी असंवेदनशीलता दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी के सांसद जनता के दुख-दर्द में शामिल होना आवश्यक नहीं समझते क्योंकि वे धार्मिक ध्रुवीकरण के चलते चुनाव जीत रहे हैं, न कि अपने कार्य या सेवा के बल पर।

कांग्रेस उपाध्यक्ष ने राज्य सरकार से मांग की कि गंगोत्री क्षेत्र के हर्षिल-धराली में आई आपदा में मृतकों और लापता लोगों के आंकड़े तुरंत सार्वजनिक किए जाएं। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा स्वयं पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ आपदा प्रभावितों की हर संभव मदद कर रहे हैं। पार्टी ने यह भी स्पष्ट किया कि उत्तरकाशी जिला अध्यक्ष मनीष राणा और प्रदेश महामंत्री धनानंद नौटियाल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता राहत व बचाव कार्यों में शुरू से सक्रिय हैं।

धस्माना ने इसे राज्य के लिए आपातकालीन और संकट की घड़ी बताते हुए कहा कि पूरी कांग्रेस पार्टी सरकार और प्रशासन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। उन्होंने सरकार से यह अपील की कि मृतकों की स्पष्ट संख्या और लापता लोगों की जानकारी सार्वजनिक की जाए, ताकि लोगों में फैली भ्रम की स्थिति खत्म हो सके।

For latest news updates click here

For English news updates click here   

Cynthia

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *