Dehradun: सचिवालय में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में प्रदेश सरकार और डीआरएम मुरादाबाद संग्रह मौर्य के बीच महत्वपूर्ण सामंजस्य बैठक आयोजित हुई। बैठक में राज्य सरकार और रेलवे से जुड़े विभिन्न बुनियादी ढांचा और विकासात्मक मुद्दों पर चर्चा की गई।
मुख्य सचिव ने ऋषिकेश-डोईवाला रेलवे बाईपास के लिए राजाजी नेशनल पार्क, रेलवे और डीएफओ की संयुक्त टीम द्वारा शीघ्र सर्वे कराने के निर्देश दिए। साथ ही वाइल्ड लाइफ और फॉरेस्ट क्लीयरेंस की प्रक्रिया जल्द शुरू करने को कहा। उन्होंने हर्रावाला रेलवे स्टेशन के विस्तारीकरण कार्य में तेजी लाने के लिए भी वन, राजस्व और रेलवे की संयुक्त टीम से सर्वे पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
बैठक में महाकुंभ 2033 को ध्यान में रखते हुए हरिद्वार-देहरादून रेलवे डबल लाइन को प्राथमिकता देने पर बल दिया गया। मुख्य सचिव ने कुम्भ मेला 2027 की तैयारियों के लिए रेलवे से एक अधिकारी को मेला अधिकारी नामित करने तथा ट्रैफिक मैनेजमेंट सर्कुलेशन प्लान शीघ्र उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने ऋषिकेश और हरिद्वार रेलवे स्टेशनों को फेसलिफ्टिंग कार्यों में शामिल करने के भी निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने प्रदेश के लिए अगले 50 वर्षों को ध्यान में रखकर व्यापक मोबिलिटी प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी परिवहन साधनों और विकल्पों को समाहित करते हुए दीर्घकालिक योजना बनाई जाए।
डीआरएम संग्रह मौर्य ने जानकारी दी कि देहरादून-मसूरी रेलवे परियोजना का प्राथमिक सर्वे पूरा हो चुका है और फाइनल लोकेशन सर्वे शीघ्र शुरू होगा। सहारनपुर-देहरादून प्रोजेक्ट का फाइनल लोकेशन सर्वे भी गतिमान है। उन्होंने बताया कि हर्रावाला रेलवे स्टेशन की डीपीआर स्वीकृत हो गई है और अब प्रोजेक्ट की अंतिम स्वीकृति शेष है।
बैठक में प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव बृजेश कुमार संत, सी. रविशंकर, स्थानिक आयुक्त अजय मिश्रा, उपाध्यक्ष एमडीडीए एवं महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar
