Dehradun: थाना डालनवाला क्षेत्र के आराघर टी जंक्शन पर रविवार तड़के लगभग 3:45 बजे चेकिंग के दौरान पुलिस कर्मियों पर जानलेवा हमला करने का गंभीर मामला सामने आया। महिंद्रा थार वाहन सवार युवक ने ड्यूटी पर तैनात तीन पुलिसकर्मियों को टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए सिनर्जी अस्पताल रेफर किया गया। एसएसपी देहरादून अजय सिंह स्वयं अस्पताल पहुंचे और उपचाराधीन पुलिस कर्मियों का हाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों को बेहतर उपचार सुनिश्चित करने और पुलिस अधिकारियों को हर संभव सहायता के निर्देश दिए।
पुलिस ने फरार आरोपी मोहम्मद उमर उर्फ ताहिर (36 वर्ष), निवासी ईसी रोड, थाना डालनवाला, को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में प्रयुक्त महिंद्रा थार (UK07 FW1002) को कब्जे में लेकर सीज कर दिया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
घायल पुलिसकर्मियों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। एसएसपी ने घटना को गंभीर बताते हुए आरोपी पर कठोर वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

Chief Editor, Aaj Khabar

