Dehradun: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर घंटाघर स्थित उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने एकता पदयात्रा का शुभारंभ कर प्रतिभाग किया और लोगों को स्वदेशी अपनाने व नशा मुक्त उत्तराखंड की शपथ दिलाई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरदार पटेल के अदम्य साहस, दूरदर्शिता और राष्ट्र समर्पण के कारण भारत एक सशक्त और एकीकृत राष्ट्र के रूप में खड़ा है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2014 से उनकी जयंती को ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ के रूप में मनाने की परंपरा शुरू की, जो उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्यभर में 16 नवंबर तक प्रत्येक जिले के तीन स्थानों पर वॉकथॉन कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें नशा मुक्त भारत, एक पेड़ मां के नाम और आत्मनिर्भर भारत जैसे अभियानों को जोड़ा गया है। उन्होंने कहा कि यह वॉकथॉन केवल दौड़ नहीं, बल्कि भारत की एकता और विविधता को सशक्त करने का माध्यम है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, गणेश जोशी, रेखा आर्या, सांसद नरेश बंसल, विधायक खजानदास, सविता कपूर, जिलाधिकारी सविन बंसल और एसएसपी अजय सिंह मौजूद रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar

