Dehradun: सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के डॉ. भीमराव अंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में 9 से 12 अक्टूबर तक आयोजित राष्ट्रीय सीनियर जुजित्सु चैंपियनशिप 2025 में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर एक बार फिर इतिहास रचा। राज्य के खिलाड़ियों ने कुल 51 पदक जीतकर लगातार आठवीं बार राष्ट्रीय जुजित्सु चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया।
जुजित्सु एसोसिएशन ऑफ इंडिया के निदेशक प्रशासन सतीश जोशी ने बताया कि उत्तराखंड ने 19 स्वर्ण, 13 रजत और 19 कांस्य पदक जीतकर अभूतपूर्व उपलब्धि हासिल की। देशभर के 26 राज्यों से कुल 639 खिलाड़ियों ने इस प्रतियोगिता में भाग लिया। मध्य प्रदेश को दूसरा और हरियाणा को तीसरा स्थान मिला।
विजेता खिलाड़ी अब आगामी नवंबर माह में बैंकॉक (थाईलैंड) में होने वाली विश्व जुजित्सु चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। उत्तराखंड की टीम ने महासचिव विनय कुमार जोशी के निर्देशन और मुख्य कोच ऋषिपाल भारती के नेतृत्व में भाग लिया। स्वर्ण विजेताओं में जय प्रकाश, विशाल मेहता, दीपिका गुप्ता, विशान क्षेत्री, ममता उपाध्याय, शुभम कुमार, कौशल्या गुप्ता, क्षितिज सिंह, अमन पाल, मन्नी अरोड़ा, शिवानी सिंह, आशा बिष्ट और कंचन बसेरा शामिल हैं।
राज्य की इस उपलब्धि पर खेल मंत्री रेखा आर्या, भारतीय ओलंपिक संघ की संयुक्त सचिव डॉ. अलकनंदा अशोक, उत्तराखंड ओलंपिक संघ के अध्यक्ष महेश नेगी, श्रम संविदा बोर्ड के अध्यक्ष कैलाश पंत, राज्य खेल परिषद के अध्यक्ष हेमराज बिष्ट, फेडरेशन अध्यक्ष विनय कुमार जोशी सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने खिलाड़ियों को बधाई दी है।

Chief Editor, Aaj Khabar
