Haldwani: हल्द्वानीवासियों के लिए मंगलवार का दिन नई सौगात लेकर आया जब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी सिटी बस सेवा का शुभारंभ किया। सर्किट हाउस परिसर से मुख्यमंत्री ने हरी झंडी दिखाकर बसों को रवाना किया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सिटी बस सेवा का शुभारंभ शहर के विकास की दिशा में बड़ा कदम है। इस सेवा से नागरिकों को सस्ती, सुलभ और सुरक्षित परिवहन सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि इससे यातायात का दबाव कम होगा, प्रदूषण घटेगा और ऊर्जा संरक्षण को प्रोत्साहन मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार का उद्देश्य राज्य के हर नगर में आधुनिक, पर्यावरण अनुकूल और सुरक्षित परिवहन व्यवस्था विकसित करना है, ताकि नागरिकों को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध हो सके।
परिवहन विभाग के अनुसार, सिटी बस सेवा को चरणबद्ध तरीके से शहर के प्रमुख मार्गों पर प्रारंभ किया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और आम नागरिकों को अधिक सुविधा मिलेगी।
इस अवसर पर विधायक बंशीधर भगत, राम सिंह केड़ा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत, आईजी रिद्धिमा अग्रवाल, मुख्य विकास अधिकारी अनामिका सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar

