Headlines

Nainital: नव नियुक्त जिलाधिकारी आईएएस ललित मोहन रयाल ने संभाला नैनीताल का कार्यभार, विकास योजनाओं में तेजी और पारदर्शिता पर रहेगा फोकस

Nainital: नव नियुक्त जिलाधिकारी आईएएस ललित मोहन रयाल ने संभाला नैनीताल का कार्यभार, विकास योजनाओं में तेजी और पारदर्शिता पर रहेगा फोकस
शेयर करे-

Nainital: नैनीताल के नवागंतुक जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने मंगलवार को औपचारिक रूप से अपने पद का कार्यभार ग्रहण किया। उन्होंने कोषागार पहुंचकर आवश्यक अभिलेखों और दस्तावेजों का परीक्षण करने के बाद कार्यभार संभाला।

कार्यभार ग्रहण करने के बाद जिलाधिकारी रयाल ने कहा कि उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता शासन की योजनाओं और नीतियों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाना और आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का पूरा लाभ मिले, विकास कार्य समय पर पूरे हों और जनता से जुड़े कार्य प्राथमिकता से किए जाएं — इस दिशा में प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करेगा।

उन्होंने कहा कि नैनीताल जिले में पर्यटन सुविधाओं का विस्तार, ट्रैफिक व्यवस्था का सुधार, तथा विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने निर्देश दिए कि अधिकारी जनसंपर्क को मजबूत करें, संवादहीनता न हो और प्रत्येक अधिकारी उत्साह एवं संवेदनशीलता से जनता के कार्य करें।

इसके बाद जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी व राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने विकास और राजस्व कार्यों की प्रगति की समीक्षा की तथा अधिकारियों को निर्देश दिए कि पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ जनकल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।

उन्होंने सभी उप जिलाधिकारियों से न्यायालयों में लंबित वादों की जानकारी ली और कहा कि सभी मामलों का निस्तारण निर्धारित समय सीमा के भीतर किया जाए। ग्राम्य विकास, कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, समाज कल्याण, बाल विकास और पंचायतीराज विभागों की योजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिलना चाहिए।

इससे पूर्व जिलाधिकारी रयाल के कलक्ट्रेट आगमन पर उन्हें पुलिस द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अनामिका, अपर जिलाधिकारी विवेक कुमार, शैलेन्द्र सिंह नेगी, सचिव जिला विकास प्राधिकरण विजय नाथ शुक्ल, उप जिलाधिकारी प्रमोद कुमार, परितोष वर्मा, रेखा कोहली, राहुल वर्मा, बी.सी. पंत, नवाजिश खलिक, मुख्य कोषाधिकारी कमलेश भंडारी सहित अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *