Bageshwar: नुमाइशखेत में आयोजित पांच दिवसीय सहकारिता मेले का शुभारंभ सोमवार को पशुपालन, दुग्ध विकास, मत्स्य पालन, कौशल विकास एवं सेवायोजन मंत्री सौरभ बहुगुणा ने किया। मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे मंत्री बहुगुणा ने 24 काश्तकारों को 30 लाख रुपये के व्याज रहित ऋण और बहुदेशीय प्राथमिक सहकारी समिति आरे व बागेश्वर को माइक्रो एटीएम वितरित किए।
कार्यक्रम में उन्होंने सहकारिता विभाग द्वारा आयोजित निबंध प्रतियोगिता में विजेता बच्चों को प्रमाणपत्र और पुरस्कार भी दिए। अपने संबोधन में मंत्री बहुगुणा ने कहा कि सहकारिता मेले सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने का माध्यम हैं, साथ ही स्थानीय उत्पादकों और स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को अपने उत्पादों का बाजार उपलब्ध कराते हैं। उन्होंने कहा कि आज उत्तराखंड के मिलेट्स, मडुआ, झंगोरा और कीवी की मांग दिल्ली समेत अन्य राज्यों में बढ़ रही है, जो प्रदेश के लिए बड़ी उपलब्धि है।
मंत्री ने बताया कि निरीक्षण के दौरान मातृशक्ति ने बताया कि सरकारी योजनाओं का लाभ उन्हें मिल रहा है। उन्होंने जिला प्रशासन की सराहना करते हुए कहा कि योजनाओं को धरातल तक पहुंचाना अधिकारियों की जिम्मेदारी है, जिसे यहां उत्कृष्ट रूप से निभाया जा रहा है।
उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि वज्यूला की दो महिलाओं ने गोट वैली योजना से लाभ उठाकर पहले ही वर्ष में 70 हजार रुपये की आमदनी अर्जित की। सरकार कृषि, बागवानी, पशुपालन, मत्स्य पालन और सहकारिता के क्षेत्र में लोगों को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए अनेक योजनाएं चला रही है।
मंत्री ने लोगों से स्वदेशी अपनाने और नशे के खिलाफ अभियान चलाने की अपील की। उन्होंने भारतीय मानक ब्यूरो के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण उत्पादों और सेवाओं के प्रयोग को बढ़ावा देने की शपथ भी दिलाई।
सहकारिता मेले में विभिन्न विभागों और स्वयं सहायता समूहों के स्टॉलों के माध्यम से सरकारी योजनाओं की जानकारी और उत्पादों की बिक्री की जा रही है। कार्यक्रम में विधायक पार्वती दास, नगर पालिका अध्यक्ष सुरेश खेतवाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री बलवंत सिंह भौंर्याल, मुख्य विकास अधिकारी आर.सी. तिवारी समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar
