Headlines

Bageshwar: अल्मोड़ा मैग्नेसाइट के 288 कर्मचारियों को भविष्य निधि का बड़ा तोहफा, एक साल से लंबित 4 करोड़ रुपये का भुगतान

शेयर करे-

Bageshwar: माननीय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के स्पष्ट निर्देशों के अनुरूप राज्य सरकार कर्मचारियों के वैधानिक अधिकारों की सुरक्षा को लेकर लगातार ठोस कदम उठा रही है। इसी क्रम में अल्मोड़ा मैग्नेसाइट लिमिटेड के कर्मचारियों को बड़ी राहत मिली है।

जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे के प्रभावी हस्तक्षेप और सतत प्रयासों के चलते कंपनी के लगभग 288 कर्मचारियों की भविष्य निधि मद की करीब 4 करोड़ रुपये की वह राशि जारी कराई गई है, जो बीते एक वर्ष से लंबित थी।

कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने पूर्व में एक विशेष टीम का गठन किया था और कंपनी प्रबंधन को ईपीएफओ के साथ निरंतर समन्वय कर समाधान सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए थे। जिला प्रशासन की सक्रियता का ही परिणाम रहा कि न केवल वर्तमान कर्मचारियों, बल्कि पूर्व में कार्यरत एवं सेवानिवृत्त कार्मिकों की वैधानिक देय राशि भी सीधे उनके खातों में प्रेषित की गई।

कंपनी के प्रबंध निदेशक योगेश कुमार शर्मा ने बताया कि ईपीएफओ क्षेत्रीय कार्यालय, हल्द्वानी के साथ समन्वय स्थापित कर सभी लंबित प्रकरणों का निस्तारण किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस भुगतान प्रक्रिया में कंपनी छोड़ चुके एवं सेवानिवृत्त कर्मचारी भी सम्मिलित रहे।

उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी जिलाधिकारी के प्रयासों से अल्मोड़ा मैग्नेसाइट लिमिटेड के 227 कर्मचारियों को 48 लाख रुपये के बोनस का भुगतान सुनिश्चित कराया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *