Headlines

Bageshwar: मनकोट गांव में लापता महिला का शव जंगल से बरामद, तेंदुए के हमले की आशंका

Bageshwar: मनकोट गांव में लापता महिला का शव जंगल से बरामद, तेंदुए के हमले की आशंका
शेयर करे-

Bageshwar: बागेश्वर जिले के मनकोट गांव से अचानक गायब हुई 65 वर्षीय महिला का शव घर से करीब दो किलोमीटर दूर जंगल की खाई से बरामद किया गया है। शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखा गया है। महिला के सिर पर चोट के स्पष्ट निशान पाए गए हैं, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।

मनकोट के कंपास तोक निवासी देवकी देवी पत्नी कृष्णानंद मंगलवार देर शाम करीब छह बजे घास के ढेर के पास लगी आग को बुझाने गई थीं। इसके बाद वह अचानक लापता हो गईं। परिजनों द्वारा काफी तलाश के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं लग सका, जिसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस और वन विभाग को सूचना दी।

सूचना मिलने पर पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने ग्रामीणों के सहयोग से देर रात तक सघन खोजबीन अभियान चलाया। रात करीब सवा 11 बजे महिला का शव जंगल में खाई से बरामद किया गया। मौके पर महिला के सिर में गंभीर चोट के निशान मिले।

महिला की तलाश में जुटे ग्रामीणों और जिला पंचायत उपाध्यक्ष प्रतिनिधि दीपक खेतवाल ने बताया कि क्षेत्र में बीते कई दिनों से तेंदुए की धमक देखी जा रही थी। खोजबीन के दौरान शव से कुछ दूरी पर तेंदुआ दिखाई देने की भी बात कही जा रही है।

मौके पर पहुंचे डीएफओ आदित्य रत्न ने बताया कि प्रथम दृष्टया महिला के सिर पर चोट के निशान पाए गए हैं। मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल पुलिस और वन विभाग दोनों ही पहलुओं से मामले की जांच कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *