Headlines

Nainital: नैनीताल हाईकोर्ट में नई न्यायिक नियुक्ति, अधिवक्ता सिद्धार्थ साह ने अतिरिक्त न्यायाधीश के रूप में ली शपथ

Nainital: नैनीताल हाईकोर्ट में नई न्यायिक नियुक्ति, अधिवक्ता सिद्धार्थ साह ने अतिरिक्त न्यायाधीश के रूप में ली शपथ
शेयर करे-

Nainital:  अधिवक्ता सिद्धार्थ साह ने गुरुवार को उत्तराखंड हाईकोर्ट के अतिरिक्त न्यायाधीश के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की। उन्हें मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति जी. नरेंद्र ने शपथ दिलाई। इस नियुक्ति के साथ ही हाईकोर्ट में न्यायाधीशों की कुल संख्या 10 हो गई है।

नैनीताल हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश न्यायालय में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में रजिस्ट्रार जनरल योगेश कुमार गुप्ता ने राष्ट्रपति के हस्ताक्षरों से जारी वह वारंट पढ़कर सुनाया, जिसके माध्यम से सिद्धार्थ साह को उत्तराखंड हाईकोर्ट का अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किया गया। इसके उपरांत मुख्य न्यायाधीश ने उन्हें विधिवत शपथ दिलाई।

शपथ ग्रहण समारोह में वरिष्ठ न्यायाधीश न्यायमूर्ति मनोज तिवारी, न्यायमूर्ति रविन्द्र मैठाणी, न्यायमूर्ति आलोक वर्मा, न्यायमूर्ति राकेश थपलियाल, न्यायमूर्ति पंकज पुरोहित, न्यायमूर्ति आशीष नैथानी, न्यायमूर्ति आलोक मेहरा, न्यायमूर्ति सुभाष उपाध्याय एवं महाधिवक्ता एस.एन. बाबुलकर उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त मुख्य स्थायी अधिवक्ता सी.एस. रावत, बार एसोसिएशन अध्यक्ष डी.सी.एस. रावत, महासचिव सौरभ अधिकारी, बार काउंसिल सदस्य डी.के. शर्मा, वरिष्ठ अधिवक्ता अवतार सिंह रावत एवं एम.सी. कांडपाल भी समारोह में मौजूद रहे।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में अधिवक्ता, सेवानिवृत्त न्यायाधीश न्यायमूर्ति राजेश टंडन, न्यायमूर्ति बी.एस. वर्मा, न्यायमूर्ति शरद शर्मा, सिद्धार्थ साह के पिता एवं वरिष्ठ अधिवक्ता एम.एल. साह, वरिष्ठ पत्रकार राजीव लोचन साह, पद्मश्री अनूप साह सहित उनके परिजन, रिश्तेदार तथा पुलिस-प्रशासन के अधिकारी भी उपस्थित रहे।

गौरतलब है कि उत्तराखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति जी. नरेंद्र शुक्रवार 9 जनवरी को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। उन्होंने 26 दिसंबर 2024 को मुख्य न्यायाधीश का कार्यभार संभाला था। न्यायिक जीवन के साथ-साथ उनका व्यक्तिगत जीवन भी प्रेरणादायक रहा है। वे एक उत्कृष्ट एनसीसी कैडेट रह चुके हैं और पढ़ाई के दौरान सर्वश्रेष्ठ एनसीसी कैडेट के रूप में सम्मानित हुए थे। साथ ही वे जूडो राज्य चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक विजेता भी रह चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *