Headlines

Rudrapur: रुद्रपुर में टायर फैक्ट्री में भीषण आग, शॉर्ट सर्किट से लाखों का नुकसान

Rudrapur: रुद्रपुर में टायर फैक्ट्री में भीषण आग, शॉर्ट सर्किट से लाखों का नुकसान
शेयर करे-

Rudrapur: शहर के तीनपानी क्षेत्र के भदईपुरा में शुक्रवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक टायर फैक्ट्री और गोदाम में भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि सैकड़ों टायर जलकर राख हो गए और गोदाम की पूरी बिल्डिंग ध्वस्त हो गई। दमकल विभाग की कई गाड़ियों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

कनकपुर निवासी गुरप्रीत सिंह की बसंत विहार तीनपानी के पास स्थित ‘गुरप्रीत इंटरप्राइजेज’ नाम से टायरों की फैक्ट्री और गोदाम है। गुरुवार रात गोदाम बंद कर वे घर चले गए थे। शुक्रवार सुबह करीब सात बजे स्थानीय लोगों ने गोदाम से धुआं उठता देखा, जिसके बाद मालिक और दमकल विभाग को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही दमकल के तीन से चार वाहन मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आग भयावह रूप ले चुकी थी। आग की चपेट में आकर कार, ट्रक, जीप, पिकअप समेत विभिन्न वाहनों के सैकड़ों टायर जल गए। साथ ही वहां खड़ी एक बाइक भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

आग की तीव्रता के चलते गोदाम की इमारत भी गिर गई। फैक्ट्री मालिक ने बताया कि उनकी फर्म पूरे कुमाऊं क्षेत्र में टायरों की सप्लाई करती है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी इशान कटारिया के अनुसार प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *