Haldwani: आगामी दीपावली पर्व को शांति, सुरक्षा और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल प्रहलाद नारायण मीणा (IPS) ने सोमवार सायं पुलिस बल के साथ शहर के प्रमुख बाजारों में पैदल फ्लैग मार्च और औचक निरीक्षण किया।
“ऑपरेशन सैनेटाइज” के तहत एसएसपी मीणा स्वयं अधिकारियों और जवानों के साथ कारखाना बाजार, साहूकार बाजार, पटेल चौक, नया बाजार, बर्तन बाजार, मीरा मार्ग और सदर बाजार पहुंचे तथा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था का जायज़ा लिया। उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों को सतर्कता बरतने और प्रत्येक संदिग्ध पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने दुकानदारों से कर्मचारियों का सत्यापन कराने और बिना सत्यापन बाहरी व्यक्तियों को काम पर न रखने की हिदायत दी। साथ ही अनावश्यक रूप से बाजारों में घूमने वालों को चेताया गया और शालीनता बनाए रखने की अपील की गई।
पुलिस ने नाकाबंदी और पिकेट ड्यूटी के जरिए शहर में चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान कई संदिग्धों से पूछताछ की गई और संतोषजनक जवाब न मिलने पर 70 लोगों को हिरासत में लिया गया, जिनमें 8 संदिग्ध बाबा भी शामिल हैं। सभी से कोतवाली हल्द्वानी में पूछताछ की जा रही है।
निरीक्षण टीम में एसपी सिटी प्रकाश चन्द्र, सीओ नितिन लोहनी, सीओ दीपशिखा अग्रवाल, प्रभारी निरीक्षक अमर चंद्र शर्मा, यातायात प्रभारी महेश चंद्र, सहित विभिन्न थाना प्रभारियों और पीएसी बलों की उपस्थिति रही।
एसएसपी मीणा ने कहा कि दीपावली खुशियों का पर्व है, लेकिन सुरक्षा सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने नागरिकों से अनुशासन बनाए रखने, भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
“अराजकता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”

Chief Editor, Aaj Khabar
