Dehradun: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नशामुक्त भारत अभियान के पाँच वर्ष पूर्ण होने पर कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने युवाओं से दृढ़ संकल्प के साथ नशे को “ना” कहने और अपने साथियों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नशा केवल एक बुरी आदत नहीं, बल्कि समाज को भीतर से खोखला करने वाली गंभीर चुनौती है। उन्होंने नशामुक्त भारत अभियान की सफलता के लिए निरंतर कार्य कर रहे सभी कर्मवीरों को बधाई देते हुए कहा कि उनके प्रयासों से समाज इस भयावह समस्या से लड़ने में सक्षम हो रहा है। नशा व्यक्ति की चेतना, विवेक और निर्णय क्षमता को नष्ट कर उसके भविष्य को अंधकारमय बना देता है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से राज्य सरकार “ड्रग्स फ्री उत्तराखण्ड” के संकल्प को मिशन मोड में साकार कर रही है। वर्ष 2022 में गठित त्रिस्तरीय एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) अब तक 6 हजार से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार कर ₹200 करोड़ से अधिक के मादक पदार्थ बरामद कर चुकी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार नशे की रोकथाम, नशाग्रस्त लोगों के उपचार और पुनर्वास के लिए सभी जनपदों में नशामुक्ति केंद्रों को सुदृढ़ बना रही है। प्रदेश में चार Integrated Rehabilitation Centre for Addicts (IRCA) सफलतापूर्वक संचालित हो रहे हैं, जबकि AIIMS ऋषिकेश की सहायता से Addiction Treatment Facility (ATF) भी सेवाएँ दे रही है। सभी जनपदों के शिक्षण संस्थानों में एंटी-ड्रग कमेटियों का भी गठन किया गया है।
उन्होंने बताया कि उत्तराखण्ड की पारंपरिक “ऐपण कला” को भी नशा-विरोधी संदेशों से जोड़कर अभियान का हिस्सा बनाया गया है। सार्वजनिक स्थलों और शिक्षण संस्थानों में प्रदर्शित ये ऐपण पेंटिंग्स जागरूकता बढ़ा रही हैं। युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने के लिए “दगड़िया क्लब” भी स्थापित किए गए हैं।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने युवाओं को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई और राज्य स्तर पर आयोजित भाषण व निबंध प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक सविता कपूर, आयोग अध्यक्ष संजय नेगी, सचिव समाज कल्याण डॉ. श्रीधर बाबू अद्दांकी, एडीजी डॉ. वी. मुरुगेशन, निदेशक समाज कल्याण डॉ. संदीप तिवारी सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar

